देहरादून
उत्तराखण्ड मुख्यमंत्री के सलाहकार (चारधाम / बीकेटीसी ) राज्यमंत्री माधव प्रसाद सेमवाल ने कहा कि चारधाम—बद्रीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री—केवल आस्था के केंद्र नहीं, बल्कि हिमालय की आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक विरासत के जीवंत प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखण्ड सरकार ने चारधाम यात्रा को सुविधाजनक, सुरक्षित और वर्षभर सक्रिय बनाने के साथ-साथ इन धामों की मूल धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान को संरक्षित रखने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है। सरकार का प्रयास अब केवल यात्रा प्रबंधन तक सीमित नहीं है, बल्कि चारधाम क्षेत्र को आस्था, आधुनिक अवस्थापना, स्थानीय अर्थव्यवस्था और पर्यावरणीय संतुलन के समन्वित मॉडल के रूप में विकसित करने का है।

केदारनाथ में वर्ष 2013 की विनाशकारी आपदा के बाद शुरू हुआ पुनर्निर्माण आज एक व्यापक विकास प्रक्रिया का रूप ले चुका है। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में यात्री सुविधाओं, पैदल मार्गों, सुरक्षा, स्वच्छता और आधारभूत ढाँचे को मजबूत किया गया है। बद्रीनाथ धाम में मास्टर प्लान के माध्यम से धार्मिक गरिमा और पारंपरिक स्वरूप को सुरक्षित रखते हुए आधुनिक सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। चमोली जिला प्रशासन की आधिकारिक योजना में बद्रीनाथ मास्टर प्लान को प्रमुख विकास कार्य के रूप में दर्ज किया गया है।

चारधाम यात्रा की कनेक्टिविटी में भी व्यापक परिवर्तन आया है। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना पूर्णता की ओर बढ़ रही है, जबकि गौरीकुंड-केदारनाथ और गोविंदघाट-हेमकुंड साहिब रोपवे जैसी महत्वाकांक्षी परियोजनाओं को स्वीकृति मिल चुकी है। राज्य सरकार के अनुसार ये परियोजनाएँ पर्वतीय क्षेत्रों की पहुंच को बेहतर बनाने के साथ पर्यटन और स्थानीय रोजगार को भी नई गति देंगी। चारधामों में 5जी मोबाइल कवरेज और फाइबर कनेक्टिविटी जैसी डिजिटल सुविधाएँ भी उपलब्ध कराई जा चुकी हैं, जिससे दुर्गम हिमालयी क्षेत्रों में संचार व्यवस्था मजबूत हुई है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की एक महत्वपूर्ण पहल शीतकालीन चारधाम यात्रा है। वर्ष 2024 से शुरू हुई इस व्यवस्था के अंतर्गत कपाट बंद होने के बाद भी श्रद्धालु खरसाली, मुखवा, ऊखीमठ, पांडुकेश्वर और जोशीमठ स्थित शीतकालीन गद्दीस्थलों में दर्शन कर सकते हैं। इसका परिणाम यह हुआ कि वर्ष 2024 में लगभग 80 हजार श्रद्धालु शीतकालीन यात्रा से जुड़े और 2025 में यह संख्या डेढ़ लाख से अधिक हो गई। इससे चारधाम क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को केवल छह-सात महीने की यात्रा पर निर्भर रहने के बजाय बारहमासी पर्यटन की दिशा में ले जाने का मार्ग खुला है।
भविष्य की चुनौती इससे भी बड़ी है। चारधाम में बढ़ती श्रद्धालु संख्या के साथ पर्यावरणीय दबाव, कचरा प्रबंधन, जलस्रोतों का संरक्षण, यातायात नियंत्रण और आपदा जोखिम को ध्यान में रखकर विकास की गति निर्धारित करनी होगी। आने वाले समय में रोपवे, रेल और बेहतर सड़क संपर्क के साथ कैरीइंग कैपेसिटी आधारित यात्रा प्रबंधन, हरित अवस्थापना, स्वच्छ ऊर्जा, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और स्थानीय वास्तुशिल्प को विकास का अनिवार्य हिस्सा बनाना होगा। चारधाम के आसपास स्थानीय युवाओं, महिलाओं, होम-स्टे, हस्तशिल्प और स्थानीय उत्पादों को जोड़कर तीर्थाटन से होने वाली आय को गांवों तक पहुंचाना भी सरकार की दीर्घकालिक प्राथमिकता होनी चाहिए।
वास्तविक उपलब्धि तब होगी जब बद्रीनाथ और केदारनाथ की आधुनिक सुविधाओं के साथ उनकी प्राचीन आत्मा भी सुरक्षित रहे, गंगोत्री और यमुनोत्री की पवित्रता के साथ हिमालयी पर्यावरण भी अक्षुण्ण रहे और तीर्थयात्रा का लाभ स्थानीय समाज तक पहुंचे। यही विकास, संरक्षण और संवर्धन का संतुलन उत्तराखण्ड को केवल देश का प्रमुख तीर्थ प्रदेश ही नहीं, बल्कि विश्वस्तरीय सतत आध्यात्मिक पर्यटन की मिसाल बना सकता है। मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में चारधाम विकास की दिशा इसी व्यापक दृष्टि की ओर बढ़ती दिखाई देती है।
