कर्णप्रयाग : चालान नहीं, हेलमेट देकर कर्णप्रयाग पुलिस ने दिया सुरक्षा का संदेश, पिलियन राइडर्स को बांटे हेलमेट

कर्णप्रयाग
सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से चमोली पुलिस द्वारा विशेष सड़क सुरक्षा जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत पुलिस लोगों के चालान काटने के बजाय उन्हें सुरक्षा का महत्व समझाकर यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित कर रही है। इसी के तहत कर्णप्रयाग पुलिस ने अनूठी पहल करते हुए दोपहिया वाहनों पर पीछे बैठकर सफर करने वाले पिलियन राइडर्स को हेलमेट वितरित किए।

पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली कर्णप्रयाग क्षेत्र में प्रभारी निरीक्षक विनोद थपलियाल के नेतृत्व में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान पुलिस टीम ने दोपहिया वाहन चालकों और उनके साथ पीछे बैठकर यात्रा करने वाले लोगों को हेलमेट वितरित कर सुरक्षित सफर का संदेश दिया।

अभियान के दौरान पुलिसकर्मियों ने वाहन चालकों से संवाद करते हुए उन्हें हेलमेट पहनने के महत्व के बारे में जानकारी दी। साथ ही समझाया कि दोपहिया वाहन पर सफर करते समय केवल चालक ही नहीं, बल्कि पीछे बैठने वाले व्यक्ति की सुरक्षा भी उतनी ही जरूरी है। सड़क दुर्घटना के दौरान सिर में लगने वाली गंभीर चोट जानलेवा साबित हो सकती है। ऐसे में हेलमेट गंभीर चोटों के खतरे को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

23 नवंबर से पिलियन राइडर्स के लिए भी हेलमेट अनिवार्य

कर्णप्रयाग पुलिस ने अभियान के दौरान आमजन को विशेष रूप से जागरूक किया कि 23 नवंबर 2026 से दोपहिया वाहन पर पीछे बैठने वाले पिलियन राइडर के लिए भी हेलमेट पहनना अनिवार्य होगा। इस संबंध में पुलिस द्वारा अनाउंसमेंट के माध्यम से भी लोगों को जानकारी दी गई। वाहन चालकों से अपील की गई कि वे स्वयं हेलमेट पहनने के साथ ही अपने पीछे बैठने वाली सवारी को भी हेलमेट पहनाकर ही यात्रा करें।

पुलिस ने लोगों को समझाया कि हेलमेट महज चालान से बचने का साधन नहीं, बल्कि स्वयं और अपने परिवार की खुशियों को सुरक्षित रखने का कवच है। थोड़ी सी लापरवाही सड़क दुर्घटना के दौरान बड़ी मुसीबत बन सकती है। इसलिए यातायात नियमों का पालन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।

चमोली पुलिस की आमजन से अपील

चमोली पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यातायात नियमों को केवल कानूनी बाध्यता न समझें, बल्कि अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए उनका पालन करें। निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाएं, दोपहिया वाहन पर चालक और पीछे बैठने वाला व्यक्ति दोनों हेलमेट का प्रयोग अवश्य करें।

पुलिस का उद्देश्य लोगों को जागरूक कर सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और सुरक्षित यातायात की संस्कृति विकसित करना है। कर्णप्रयाग पुलिस की इस पहल के माध्यम से यह संदेश देने का प्रयास किया गया कि पुलिस की प्राथमिकता चालान करना नहीं, बल्कि लोगों की अनमोल जिंदगी को सुरक्षित रखना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *