चारधाम यात्रा-2026: बद्रीनाथ धाम के कपाट खुलने से पहले चमोली पुलिस पूरी तरह तैयार, DM-SP ने दिया सख्त संदेश

चमोली
चारधाम यात्रा-2026 के तहत 23 अप्रैल को श्री बद्रीनाथ धाम के कपाट खुलने से पहले चमोली पुलिस ने अपनी सभी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है।
इसी क्रम में बुधवार को श्री बद्रीनाथ धाम स्थित कृष्ण प्रणामी हॉल में जिलाधिकारी गौरव कुमार और पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने यात्रा ड्यूटी में तैनात पुलिस बल की ब्रीफिंग ली। इस दौरान अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों को जिम्मेदारियों के प्रति सजग रहने और यात्रियों के साथ बेहतर व्यवहार करने के निर्देश दिए।
ब्रीफिंग के दौरान पुलिस उपाधीक्षक मदन सिंह बिष्ट ने बाहरी जनपदों से आए पुलिस बल को चमोली की भौगोलिक परिस्थितियों और यात्रा के लिए तैयार किए गए विस्तृत यातायात प्लान की जानकारी दी।
पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने स्पष्ट निर्देश दिए कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि “अतिथि देवो भवः” और उत्तराखंड पुलिस की थीम “मित्रता, सेवा, सुरक्षा” के अनुरूप कार्य करते हुए श्रद्धालुओं को सकारात्मक अनुभव देना सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने मंदिर परिसर में सुव्यवस्थित कतार व्यवस्था, यात्रा मार्गों और मौसम संबंधी अपडेट समय-समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। साथ ही किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई और उच्चाधिकारियों को सूचना देने पर जोर दिया गया।
धाम की पवित्रता बनाए रखने के लिए यात्रा मार्ग और मंदिर परिसर में नशीले पदार्थों और तंबाकू के सेवन पर सख्त कार्रवाई के निर्देश भी जारी किए गए हैं।
जिलाधिकारी गौरव कुमार ने कहा कि ड्यूटी का निर्वहन ईमानदारी के साथ-साथ स्मार्ट तरीके से किया जाना जरूरी है। श्रद्धालुओं को सहज और सुरक्षित यात्रा अनुभव देना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
इस मौके पर अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, पुलिस उपाधीक्षक कर्णप्रयाग त्रिवेंद्र सिंह राणा, मुख्य अग्निशमन अधिकारी गिरीश बिष्ट समेत अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
प्रशासन को उम्मीद है कि इस वर्ष भी चारधाम यात्रा शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक संपन्न होगी, जिससे देश-विदेश से आने वाले लाखों श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के भगवान बद्री विशाल के दर्शन कर सकेंगे।

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *