चमोली : नगर पालिका अध्यक्ष गणेश शाह ने शारदीय नवरात्रि पर सिद्धपीठ मां नंदा राजराजेश्वरी मंदिर देवराडा में की पूजा अर्चना , क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की

चमोली

शारदीय नवरात्रि के प्रथम दिन चमोली जनपद के विभिन्न मंदिरों में श्रद्धा और भक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला। नवरात्रि के शुभारंभ पर मंदिरों को फूलों से सजाया गया। सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया, जो दिनभर जारी रहा। भक्तों ने मां दुर्गा के शैलपुत्री स्वरुप की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। इस दौरान मंदिर परिसर मां के जयकारों से गूंजते रहे और पूरा वातावरण भक्तिमय नजर आया।

शारदीय नवरात्रि के पहले दिन थराली विधानसभा क्षेत्र के देवराड़ा स्थित सिद्धपीठ मां भगवती नंदा राजराजेश्वरी मंदिर में भी श्रद्धालुओं ने पहुंचकर मां के दर्शन किए और पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर नगर पालिका कर्णप्रयाग के अध्यक्ष गणेश शाह ने भी मंदिर पहुंचकर माता रानी के दर्शन किए और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। उन्होंने मां भगवती से समस्त क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।
देवराड़ा स्थित सिद्धपीठ मां नंदा राजराजेश्वरी मंदिर का धार्मिक और आध्यात्मिक दृष्टि से विशेष महत्व है। इस पावन स्थल को मां नंदा का मायका माना जाता है। मान्यता के अनुसार, मां भगवती नंदा यहां छह माह तक प्रवास करती हैं। मां के इस पावन प्रवास के दौरान संपूर्ण क्षेत्र में विशेष धार्मिक उल्लास और भक्तिमय वातावरण बना रहता है। स्थानीय लोगों के लिए मां नंदा के प्रति आस्था केवल धार्मिक परंपरा ही नहीं, बल्कि क्षेत्र की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पहचान का भी महत्वपूर्ण हिस्सा है।

नवरात्रि के प्रथम दिन मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए पहुंचे नगर पालिका कर्णप्रयाग के अध्यक्ष गणेश शाह ने मां भगवती की महिमा का उल्लेख करते हुए कहा कि देवराड़ा की पावन भूमि में मां नंदा का मायका है, जहां मां भगवती छह माह तक प्रवास करती हैं। मां के इस पावन प्रवास से संपूर्ण क्षेत्र श्रद्धा, आस्था और भक्ति के रंग में सराबोर रहता है।

उन्होंने कहा कि मां भगवती की कृपा समस्त क्षेत्रवासियों पर सदैव बनी रहे। हर घर में सुख, शांति और समृद्धि का वास हो तथा सभी लोग स्वस्थ, सुखी और खुशहाल जीवन व्यतीत करें, यही उनकी प्रार्थना है।

शारदीय नवरात्रि के पहले दिन कर्णप्रयाग में बदरीनाथ हाईवे पर स्थित उमा माहेश्वर आश्रम में माता रानी के मंदिर में श्रद्धालुओं की अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिली। सुबह से ही भक्त मंदिर पहुंचने लगे और मां के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। श्रद्धालुओं ने माता रानी के समक्ष शीश नवाकर परिवार की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।

नवरात्रि के अवसर पर मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही। पर्व के पहले दिन भक्तों में विशेष उत्साह देखने को मिला। लोगों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर मां का आशीर्वाद लिया और नवरात्रि की शुरुआत श्रद्धा एवं भक्ति के साथ की।

कर्णप्रयाग स्थित मां उमा देवी मंदिर में भी शारदीय नवरात्रि के प्रथम दिन भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से ही मंदिर में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था। भक्तों ने मां उमा देवी की पूजा-अर्चना कर अपने परिवार और क्षेत्र की खुशहाली की कामना की।

नवरात्रि के पहले दिन चमोली जनपद के विभिन्न मंदिरों में दिखाई दिया उत्साह इस बात का शंदेश देता रहा कि पर्वतीय क्षेत्र में धार्मिक परंपराओं और देवी-देवताओं के प्रति लोगों की गहरी आस्था आज भी कायम है। मंदिरों में दर्शन-पूजन के साथ श्रद्धालुओं ने नवरात्रि पर्व का शुभारंभ किया।

शारदीय नवरात्रि के आगमन के साथ ही जनपद में धार्मिक गतिविधियों और पूजा-अर्चना का सिलसिला शुरू हो गया है। मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की आराधना के इस पर्व को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। भक्त मां भगवती से क्षेत्र में सुख-शांति, समृद्धि, खुशहाली और सभी के उत्तम स्वास्थ्य की कामना कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *