चमोली : कर्णप्रयाग को मिलेगी विकास की नई सौगात: ₹4.63 करोड़ से चमकेगी कर्णनगरी, नगर पालिका ने पार्किंग से स्वच्छता तक का किया नया रोडमैप तैयार

कर्णप्रयाग

अलकनंदा और पिंडर नदी के किनारे बसी पौराणिक नगरी कर्णप्रयाग को अधिक सुगम, स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए नगर पालिका प्रशासन कर्णप्रयाग ने विकास का एक नया रोड मैप तैयार किया है। नगर की आधारभूत संरचना को सुदृढ़ करने और जनसुविधाओं को नया आयाम देने के उद्देश्य से कई बहुप्रतीक्षित योजनाओं पर मुहर लग चुकी है। जिससे नगर स्थानीय लोगो के साथ साथ कर्णप्रयाग आने जाने वाले लोगो को परेशानियों का सामना नही करना पड़ेगा ।
नगर पालिका कर्णप्रयाग के अधिशाषी अधिकारी नरेंद्र रावत ने बताया कि ₹1.63 करोड़ की लागत से बनने वाली दो वृहद परियोजनाओं की DPR तैयार हो चुकी है । 
नगर की दीर्घकालिक यातायात समस्याओं का निस्तारण करने हेतु अवस्थापना मद के अंतर्गत दो महत्वाकांक्षी पार्किंग परियोजनाओं का खाका तैयार किया गया है।  पहली पार्किंग ₹94 लाख तथा दूसरी पार्किंग ₹69 लाख (कुल ₹1.63 करोड़) की अनुमानित लागत से निर्मित होगी। दोनों परियोजनाओं की विस्तृत रिपोर्ट (DPR) तैयार कर परीक्षण हेतु ‘जिला स्तरीय तकनीकी समिति’ को प्रेषित कर दी गई है। प्राविधिक स्वीकृति मिलते ही पत्रावली अंतिम मोहर के लिए शासन को भेजी जाएगी, जिसके पश्चात धरातल पर निर्माण कार्य गति पकड़ेगा। इसके अतिरिक्त कर्णप्रयाग में मुख्यमंत्री घोषणा के तहत दो अन्य पार्किंगों का भी निर्माण किया जाएगा । अधिशाषी अधिकारी नरेन्द्र रावत ने कहा कि
नगर की गलियों एवं मुख्य मार्गों को आधुनिक प्रकाश पुंज से जगमगाने के लिए ₹3 करोड़ की वृहद प्रकाश योजना स्वीकृत होने जा रही है। इस संदर्भ में सचिव शहरी विकास नितेश कुमार झा के साथ उच्चस्तरीय बैठक संपन्न हो चुकी है। इस योजना के अंतर्गत नगर की तीन प्रमुख केंद्रों को अत्याधुनिक लाइटों से आच्छादित किया जाएगा: जिनमे उमा तिराहा से उमा लॉज तक , सुभाष नगर तिराहा से सिमली तक
और सुभाष नगर से इड़ा बढ़ाणी मार्ग तक है । नागरिकों की सहज दिनचर्या और बच्चों के खेलने के लिए अपर बाजार स्थित पार्क का शौन्दर्यकर किया जा रहा है। पार्क को नया आयाम देते हुए यहाँ वरिष्ठ नागरिकों एवं आगंतुकों के विश्राम हेतु आकर्षक बेंचें और नौनिहालों के क्रीड़ा-आनंद के लिए भांति-भांति के झूले स्थापित किए जाएंगे।

नगर को साफ और सुंदर बनाए रखने की प्रतिबद्धता के साथ अपशिष्ट प्रबंधन प्रणाली को और सशक्त किया गया है। पालिका बेड़े में दो नए अत्याधुनिक कूड़ा संग्रहण वाहन जोड़े जा रहे हैं। इन वाहनों की क्रय प्रक्रिया हेतु निविदा आधिकारिक रूप से प्रकाशित की जा चुकी है, जिसके पूर्ण होते ही नगर के प्रत्येक वार्ड में डोर-टू-डोर स्वच्छता अभियान को नई गति मिलेगी । 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *