पीपलकोटी
5 जून विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर नगर पंचायत पीपलकोटी द्वारा पर्यावरण संरक्षण और हरित विकास को बढ़ावा देने को लेकर एक वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम नगर पंचायत अध्यक्ष आरती नवानी की अध्यक्षता में वार्ड संख्या-02 (अगथला) के बिरमणा तोक में संपन्न हुआ, जहां विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों एवं नगर पंचायत कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

वृक्षारोपण के पश्चात नगर पंचायत अध्यक्ष आरती नवानी ने उपस्थित लोगो को संबोधित करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिवस तक सीमित न रहकर हमारी जीवनशैली का अभिन्न हिस्सा बनना चाहिए। उन्होंने पीपलकोटी के नागरिकों के साथ-साथ प्रदेश एवं देशवासियों से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने तथा प्रकृति के संरक्षण हेतु सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

अधिशासी अधिकारी गुरुदीप आर्य ने कहा कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, सुरक्षित और स्वस्थ वातावरण प्रदान करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसके लिए प्रत्येक व्यक्ति को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक होकर अपने स्तर पर योगदान देना चाहिए।

नगर पंचायत पीपलकोटी ने दोहराया कि वह क्षेत्र को स्वच्छ, सुंदर और हरा-भरा बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है तथा भविष्य में भी ऐसे जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे। इस दौरान वार्ड संख्या-02 के सभासद अंकित रावत, वार्ड संख्या-03 की सभासद मनोरमा देवी, वार्ड संख्या-04 के सभासद अनिल जोशी, नगर पंचायत पीपलकोटी के अधिशासी अधिकारी गुरुदीप आर्य, ब्रह्मा कुमारी समुदाय की प्रतिनिधि बहन अमनदीप कौर सहित नगर पंचायत के सभी कर्मचारी उपस्थित रहे।
