देवभूमि में हुड़दंग मचाना पड़ा भारी, एसपी चमोली के निर्देश पर 5 युवक गिरफ्तार, वाहन सीज

चमोली

चारधाम यात्रा मार्ग पर हुड़दंग मचाकर माहौल खराब करना कुछ युवकों को भारी पड़ गया। चमोली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हरियाणा निवासी पांच युवकों को गिरफ्तार कर उनके वाहन को सीज कर दिया।
चमोली पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शनिवार शाम पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार चारधाम यात्रा की सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए क्षेत्र भ्रमण पर थे। इसी दौरान पीपलकोटी के समीप एक हरियाणा नंबर की कार नो-पार्किंग जोन में खड़ी दिखाई दी। वाहन में सवार युवक तेज आवाज में संगीत बजाकर सड़क किनारे हुड़दंग मचा रहे थे, जिससे आसपास का माहौल प्रभावित हो रहा था और यातायात व्यवस्था भी बाधित हो रही थी।
मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए एसपी ने कोतवाली चमोली पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर पांचों युवकों को हिरासत में लिया और उनके खिलाफ वैधानिक एवं चालानी कार्रवाई की। साथ ही संबंधित वाहन को भी मौके पर सीज कर दिया गया।
चमोली पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि देवभूमि की मर्यादा और चारधाम यात्रा की शांति भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। पुलिस ने यात्रियों से यात्रा मार्ग पर यातायात नियमों का पालन करने और अनुशासन बनाए रखने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *