कर्णप्रयाग नगर पालिका ने स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 को लेकर अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। नगर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से पालिका प्रशासन लगातार विभिन्न जनहित और जनजागरूकता से जुड़े कार्यों को धरातल पर उतार रहा है। इसी क्रम में नगर पालिका अध्यक्ष गणेश शाह, अधिशासी अधिकारी नरेंद्र रावत और अवर अभियंता हरीश मैठाणी ने कर्णप्रयाग बाजार क्षेत्र में व्यापारियों और स्थानीय लोगों को कूड़ेदान वितरित कर स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।

नगर पालिका अध्यक्ष गणेश शाह का कहना है कि स्वच्छता केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं बल्कि जनभागीदारी से ही इसे सफल बनाया जा सकता है। इसी सोच के साथ नगर में लोगों को कूड़ा इधर-उधर न फेंकने और सूखा-गीला कचरा अलग रखने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

अधिशाषी अधिकारी नरेंद्र रावत ने कहा कि स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 को ध्यान में रखते हुए नगर पालिका द्वारा MRF सेंटर (मैटेरियल रिकवरी फैसिलिटी सेंटर) को व्यवस्थित किया जा रहा है, जिससे कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण और रिसाइक्लिंग को बढ़ावा मिल सके। इसके अलावा नगर के विभिन्न स्थानों पर स्वच्छता संबंधी स्लोगन लिखवाए जा रहे हैं ताकि लोगों में जागरूकता बढ़े और स्वच्छ वातावरण का संदेश जन-जन तक पहुंचे।

नगर पालिका की ओर से “नेकी की दीवार” जैसी सामाजिक पहल भी संचालित की जा रही है, जिसके माध्यम से जरूरतमंद लोगों तक कपड़े और उपयोगी सामग्री पहुंचाई जा रही है। साथ ही नगर सौंदर्यीकरण, सफाई व्यवस्था और अन्य विकास कार्यों पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
वहीं कर्णप्रयाग संगम पर नियमित रूप से गंगा आरती का आयोजन कर नगर पालिका देवभूमि उत्तराखंड की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक पहचान को भी मजबूत करने का कार्य कर रही है। संगम तट पर होने वाली गंगा आरती से पूरा वातावरण भक्तिमय बन रहा है और देश-दुनिया से आने वाले श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को देवभूमि आने का सकारात्मक संदेश मिल रहा है। यह पहल धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ स्थानीय संस्कृति और परंपराओं को भी नई पहचान दे रही है।

स्थानीय लोगों ने नगर पालिका द्वारा किए जा रहे कार्यों को सराहनीय बताते हुए कहा कि पालिका के प्रयासों से नगर में साफ-सफाई व्यवस्था बेहतर हुई है और लोगों में भी जागरूकता बढ़ रही है। लोगों ने उम्मीद जताई कि इसी तरह सामूहिक प्रयास जारी रहे तो कर्णप्रयाग आने वाले समय में स्वच्छ और आदर्श नगर के रूप में अपनी अलग पहचान बनाएगा। इस अवसर पर हरीश सती, विनोद बरमोला, अरविंद, तस्लीम, विजय कुमार, हरपाल, आदि मौजूद थे ।
