छात्रों को साइबर ठगी से बचाव के दिए टिप्स, एसपी सुरजीत पँवार ने दी अहम जानकारी

चमोली

डॉ. शिवानन्द राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में मंगलवार को “साइबर सुरक्षा एवं जागरूकता” तथा “नशा मुक्ति जागरूकता अभियान” विषय पर एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को आधुनिक समय की चुनौतियों से अवगत कराते हुए सुरक्षा और जागरूकता पर विशेष जोर दिया गया।


कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पँवार रहे। इस दौरान एआई ट्रैफिक निरीक्षक अयूब अली और सब इंस्पेक्टर प्रमोद कुमार ने भी कालेज के छात्रों को महत्वपूर्ण जानकारी दी।


अपने संबोधन में एसपी सुरजीत सिंह पँवार ने बढ़ते साइबर अपराधों पर चिंता व्यक्त करते हुए इंटरनेट बैंकिंग धोखाधड़ी से बचने, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग और नए आपराधिक कानूनों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि किसी भी साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तुरंत 1930 हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क करना चाहिए।


वहीं ट्रैफिक निरीक्षक अयूब अली ने सड़क सुरक्षा नियमों के पालन के प्रति जागरूक किया। सब इंस्पेक्टर प्रमोद कुमार ने मोबाइल फोन के दुष्प्रभावों और साइबर सुरक्षा के अहम पहलुओं पर प्रकाश डालते हुए छात्रों को सचेत किया कि वे किसी के साथ अपना OTP या बैंकिंग जानकारी साझा न करें और अनजान लिंक या APK फाइल डाउनलोड करने से बचें।


उन्होंने यह भी बताया कि आज के दौर में एआई से बनाए गए फर्जी वीडियो और फोटो की पहचान करना बेहद जरूरी है। साइबर अपराध की स्थिति में नेशनल साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज करने और ‘संचार साथी’ ऐप का उपयोग करने की सलाह दी गई।


कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. राम अवतार सिंह ने अतिथियों का स्वागत करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया और सभी को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई। कार्यक्रम का संचालन डॉ. आर. सी. भट्ट ने किया।


इस अवसर पर एंटी ड्रग समिति के संयोजक डॉ. रविन्द्र सिंह सहित महाविद्यालय के प्राध्यापक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *