बद्रीनाथ
विश्व प्रसिद्ध बद्रीनाथ धाम में उत्तराखण्ड पुलिस की तत्परता और संवेदनशीलता एक बार फिर सामने आई है। पुलिस ने अलग-अलग दो मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए न केवल खोया मोबाइल बरामद किया, बल्कि बिछड़े परिजन को भी उनके परिवार से मिलाकर राहत पहुंचाई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बद्रीनाथ मंदिर के समीप एक नेपाली मूल के युवक का मोबाइल फोन खो गया था। इस संबंध में युवक ने थाना श्री बद्रीनाथ में सूचना दी। सूचना मिलते ही कांस्टेबल चन्दन नगरकोटी और कांस्टेबल जसपाल ने सक्रियता दिखाते हुए तत्काल खोजबीन शुरू की और कुछ ही समय में मोबाइल फोन बरामद कर सुरक्षित युवक को सौंप दिया। अपना मोबाइल वापस पाकर युवक ने पुलिस की ईमानदारी, त्वरित कार्रवाई और व्यवहार की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।
इसी क्रम में एक अन्य घटना में मीना देवी, निवासी अलसु गांव, जिला मंडी (हिमाचल प्रदेश), दर्शन के दौरान अपने परिजन प्रेमलाल अमरनाथ से बिछड़ गई थीं। सूचना मिलते ही कांस्टेबल अजयपाल सिंह ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें सुरक्षित कंट्रोल रूम पहुंचाया। इसके बाद पीए सिस्टम के माध्यम से अनाउंसमेंट कर जल्द ही उन्हें उनके परिजनों से सकुशल मिलवा दिया गया।

दोनों ही मामलों में पुलिस की मुस्तैदी और मानवीय दृष्टिकोण से त्वरित समाधान हुआ, जिससे श्रद्धालुओं के चेहरों पर राहत और खुशी लौट आई। बद्रीनाथ धाम में तैनात पुलिस बल की इस कार्यशैली की श्रद्धालुओं द्वारा सराहना की जा रही है।
