कर्णप्रयाग : बिखोती कर्ण महोत्सव से पूर्व कर्णप्रयाग में आज से खेल गतिविधियों का आगाज़ हो गया है। शनिवार को राजकीय इंटर कॉलेज मैदान में स्कूली बच्चों की खेल प्रतियोगिताओं का विधिवत उद्घाटन किया गया।
कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी कर्णप्रयाग सोहन सिंह रांगड़ मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ तहसील वार्ड के सभासद संपूर्णानंद, अधिशासी अधिकारी नरेंद्र सिंह रावत, यूथ फिजिकल एकेडमी के संस्थापक अनिल नेगी (फौजी भाई) सहित अन्य लोग भी मौजूद रहे। नगर पालिका कर्णप्रयाग के अध्यक्ष गणेश शाह ने जानकारी देते हुए बताया कि इस प्रतियोगिता में क्षेत्र के 10 विद्यालयों के लगभग 400 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। इनमें उमा पब्लिक स्कूल, लिटिल फ्लावर स्कूल, राजकीय इंटर कॉलेज कर्णप्रयाग, जीजीआईसी कर्णप्रयाग, आदर्श विद्या मंदिर, द इंडियन एकेडमी, श्री गुरु राम राय स्कूल, जीडी मेमोरियल देवतोली, अटल उत्कृष्ट विद्यालय सिमली और सरस्वती विद्या मंदिर शामिल रहे।
प्रतियोगिता के तहत कबड्डी, खो-खो और 100 मीटर दौड़ जैसी स्पर्धाएं आयोजित की गईं, जिनमें बच्चों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी खेल प्रतिभा का परिचय दिया। साथ ही यूथ फिजिकल एकेडमी के बच्चों द्वारा भी प्रभावशाली प्रस्तुति दी गई, जिसने कार्यक्रम को और आकर्षक बना दिया।
कार्यक्रम के सफल संचालन में शिक्षक प्रदीप भंडारी, देवेंद्र सिंह, गोविंद सिंह तोपाल, सुरक्षित भंडारी, कृष्णा रावत, मनोज जोशी, मधुबाला जोशी, विपिन कुंवर, प्रमोद रावत, भरत सिंह चौहान, प्रदीप बिष्ट और अभिषेक नेगी का सराहनीय योगदान रहा।
वहीं खेल प्रतियोगिताओं की व्यवस्थाओं में नगरपालिका कर्मचारियों दीपक भारद्वाज, वीरेंद्र नेगी और विश्वजीत ने विशेष भूमिका निभाई।
नगर पालिका अध्यक्ष गणेश शाह ने कहा कि बिखोती कर्ण महोत्सव से पहले आयोजित इन खेल प्रतियोगिताओं ने क्षेत्र में उत्साह का माहौल बना दिया है और स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान किया है। उन्होंने कहा कि 13 अप्रैल से चार दिवसीय बिखोती कर्ण महोत्सव का आगाज हो जाएगा जिसकी तैयारियों को लेकर अंतिम रूप दिया जा रहा है ।
बिखोती कर्ण महोत्सव से पहले खेलकूद प्रतियोगिताओं का आगाज, 400 बच्चों ने दिखाया दम
