चमोली : आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर चमोली जिले में भारतीय जनता पार्टी का अल्पसंख्यक मोर्चा सक्रिय हो गया है। इसी को लेकर शनिवार को भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा चमोली के जिलाध्यक्ष यासीन खान ने कर्णप्रयाग नगर पालिका के अप्पर बाजार वार्ड में कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष यासीन खान ने सभी कार्यकर्ताओं से आगामी चुनावों के मद्देनजर एकजुट होकर पार्टी को मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में चहुंमुखी विकास हो रहा है, जिससे भारत ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बनाई है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित देशों की श्रेणी में लाने के लक्ष्य के साथ केंद्र और प्रदेश सरकारें निरंतर विकास कार्यों में जुटी हुई हैं। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के ड्रीम प्रोजेक्ट में शामिल ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना का कार्य भी अंतिम चरण में है। इसके पूर्ण होने से चारधाम यात्रा पर आने वाले तीर्थयात्रियों और स्थानीय लोगों को बड़ी सुविधा मिलेगी, साथ ही प्रदेश में पर्यटन और तीर्थाटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
यासीन खान ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड में अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित हो रही हैं। प्रदेश में सड़कों का जाल बिछाकर गांव-गांव को जोड़ने का कार्य किया जा रहा है, वहीं पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए हवाई सेवाओं का भी विस्तार किया जा रहा है। यासीन खान ने कहा कि अल्पसंख्यको के हित मे भी भाजपा सरकार अनेक कल्याणकारी योजनाओं को चला रही है जिसका सीधा लाभ आज हमे मिल रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाना जरूरी है, ताकि वर्ष 2027 में पुनः उत्तराखंड में भाजपा की सरकार बनाई जा सके।
इस अवसर पर भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा कर्णप्रयाग के मंडल अध्यक्ष मुराद खान, सोएल खान, घनश्याम पाल, मुकेश पाल, इशरत खान, बब्बू खान, रियान खान सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारी में जुटा चमोली भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा, कर्णप्रयाग में पार्टी कार्यकर्ताओं को किया एकजुट
