चमोली : जनपद में लगातार हो रही भारी बारिश के बावजूद जिलाधिकारी गौरव कुमार ने आज बद्रीनाथ यात्रा-2026 की तैयारियों को लेकर सक्रियता दिखाते हुए चमोली से ज्योतिर्मठ तक यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने यात्रा से जुड़ी मूलभूत सुविधाओं और निर्माण कार्यों की प्रगति का बारीकी से जायजा लिया।
यात्रा मार्गे के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पेयजल, शौचालय, पार्किंग व्यवस्था समेत विभिन्न सुविधाओं की स्थिति का आकलन किया। साथ ही एनएचआईडीसीएल द्वारा क्षतिग्रस्त मार्गों के सुधारीकरण कार्यों की प्रगति की समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
गरुण गंगा पाखी क्षेत्र में उन्होंने जल संस्थान द्वारा स्थापित वाटर एटीएम की पानी की गुणवत्ता की जांच की। इसके अलावा, यात्रा मार्ग पर सुलभ इंटरनेशनल द्वारा निर्मित शौचालयों का निरीक्षण कर साफ-सफाई और व्यवस्थाओं को परखा। पार्किंग स्थलों का भी मौके पर निरीक्षण करते हुए व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी गौरव कुमार ने बताया कि बारिश के कारण कुछ चुनौतियां जरूर सामने आई हैं, लेकिन क्षतिग्रस्त मार्गों के सुधार कार्य तेजी से चल रहे हैं और अधिकांश कार्य पूरे किए जा चुके हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि बद्रीनाथ धाम के कपाट खुलने से पहले सभी आवश्यक कार्य पूर्ण कर लिए जाएंगे।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यात्रा मार्ग पर पेयजल और शौचालयों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है और पार्किंग को लेकर भी किसी प्रकार की समस्या नहीं आने दी जाएगी। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि सभी कार्यों की निरंतर मॉनिटरिंग करते रहें, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक यात्रा अनुभव मिल सके।
बारिश के बीच डीएम चमोली गौरव कुमार का ग्राउंड जीरो निरीक्षण, बद्रीनाथ यात्रा मार्ग को समय से पहले दुरुस्त करने का भरोसा
