कर्णप्रयाग।
डॉ. शिवानन्द नौटियाल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कर्णप्रयाग में बुधवार को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की प्रथम वर्षगांठ पूरे उत्साह, गर्व और देशभक्ति के माहौल में मनाई गई। कार्यक्रम में एनसीसी कैडेट्स, प्राध्यापकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लेकर राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।
कार्यक्रम का शुभारम्भ महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. राम औतार सिंह द्वारा ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान के सामूहिक गायन के साथ किया गया। राष्ट्रगान की गूंज के साथ पूरा परिसर देशभक्ति के रंग में रंग गया और वातावरण राष्ट्र गौरव की भावना से ओत-प्रोत हो उठा।

इस अवसर पर गत वर्ष 7 मई से 10 मई तक चले ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर आधारित एक विशेष वृत्तचित्र का प्रदर्शन किया गया। वृत्तचित्र में ऑपरेशन से जुड़े साहस, समर्पण और बलिदान की गाथाओं को दर्शाया गया, जिसने विद्यार्थियों और एनसीसी कैडेट्स के भीतर देशसेवा और राष्ट्रभक्ति की भावना को और अधिक मजबूत किया।

कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति थीम पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। एनसीसी कैडेट्स ने समूहगान एवं समूह नृत्य प्रस्तुत कर देशप्रेम, एकता और राष्ट्रीय गौरव का संदेश दिया। छात्रों की शानदार प्रस्तुतियों पर उपस्थित जनसमूह ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका उत्साहवर्धन किया।

समापन अवसर पर प्राचार्य प्रो. राम औतार सिंह ने विद्यार्थियों को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ से प्रेरणा लेने का आह्वान करते हुए कहा कि युवाओं को राष्ट्रसेवा की भावना के साथ आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने छात्रों को सशस्त्र बलों में शामिल होकर देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
महाविद्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम ने युवाओं के भीतर देशभक्ति और राष्ट्रसेवा की भावना को नई ऊर्जा प्रदान की।
