द इंडियन एकेडमी कर्णप्रयाग का शानदार प्रदर्शन, 12वीं में फिर जिले में टॉप

चमोली
शिक्षा के क्षेत्र में लगातार नए कीर्तिमान स्थापित कर रहे “The Indian Academy Karnaprayag” ने एक बार फिर शानदार परीक्षा परिणाम देकर पूरे चमोली जिले में अपनी श्रेष्ठता साबित की है। आईसीएसई (कक्षा 10) एवं आईएससी (कक्षा 12) बोर्ड परीक्षाओं में विद्यालय का शत-प्रतिशत परिणाम रहा, जिससे विद्यालय परिवार में खुशी और उत्साह का माहौल है।
सबसे बड़ी उपलब्धि यह रही कि पूर्व वर्षों की तरह इस वर्ष भी विद्यालय ने कक्षा 12 में चमोली जिले में सर्वोच्च स्थान हासिल किया। विद्यालय की होनहार छात्रा सौम्या चौहान ने 97.5 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले में प्रथम स्थान प्राप्त किया और विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया।
इसके अलावा मानसी जैन ने 97 प्रतिशत तथा दीपिका पंत ने 96.25 प्रतिशत अंक प्राप्त कर शानदार प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों की इस सफलता ने एक बार फिर साबित कर दिया कि द इंडियन एकेडमी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और अनुशासित वातावरण का मजबूत केंद्र बन चुका है।
कक्षा 10 का परिणाम भी बेहद प्रभावशाली रहा। सभी विद्यार्थियों ने 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर 100 प्रतिशत सफलता दर्ज की। कक्षा 10 में सिद्धार्थ भंडारी ने 91 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं अन्य विद्यार्थियों ने भी 88.4%, 88% और 85.6% अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
विद्यालय की प्रधानाचार्या सुश्री गीता खण्डूडी ने इस उपलब्धि पर विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के समर्पण और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है। उन्होंने कहा कि विद्यालय भविष्य में भी शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्टता बनाए रखने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगा।
विद्यालय प्रबंधन एवं समस्त स्टाफ ने सभी सफल विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ देते हुए उनके निरंतर प्रगति की कामना की।

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *