कर्णप्रयाग में पुल पर खड़े गोवंश यातायात के लिए बने मुसीबत, बद्रीनाथ हाईवे पर बार-बार थम रहा यातायात, गोवंश हादसों को भी दे रहे न्यौता

कर्णप्रयाग। चारधाम यात्रा सीजन शुरू होने के साथ बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों का दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है, लेकिन कर्णप्रयाग नगर क्षेत्र में बद्रीनाथ हाइवे पर पुल पर खड़े गोवंश अब यातायात व्यवस्था के लिए बड़ी चुनौती बनते जा रहे हैं। पुल पर अचानक गोवंश के आ जाने से कई बार जाम की स्थिति पैदा हो रही है, जिससे स्थानीय लोगों, यात्रियों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

स्थिति इतनी गंभीर हो चुकी है कि कई बार वाहन चालकों को अचानक ब्रेक लगाने पड़ रहे हैं, जिससे सड़क हादसों का खतरा भी बढ़ गया है। खासकर रात के समय और भारी वाहनों की आवाजाही के दौरान यह समस्या और अधिक खतरनाक साबित हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुल संकरा होने के कारण गोवंश के बीच से वाहन निकालना जोखिम भरा हो जाता है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।


चारधाम यात्रा के दौरान प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु इसी मार्ग से बद्रीनाथ, हेमकुंड साहिब और जोशीमठ की ओर आवाजाही कर रहे हैं। ऐसे में हाईवे पर गोवंश का डेरा न सिर्फ यातायात व्यवस्था को प्रभावित कर रहा है, बल्कि यात्रियों की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े कर रहा है।
यातायात व्यवस्था संभाल रही ट्रैफिक पुलिस को भी लगातार दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार पुलिसकर्मियों को स्वयं सड़क से गोवंश हटाकर यातायात सुचारु करना पड़ रहा है।
कोतवाली प्रभारी विनोद थपलियाल ने बताया कि पुल और हाईवे पर गोवंश के कारण लगातार जाम और दुर्घटना की स्थिति बन रही है। उन्होंने कहा कि इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी (ईओ) से वार्ता की जाएगी, ताकि गोवंश को सड़क और पुल से हटाने के लिए प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
स्थानीय नागरिकों ने भी प्रशासन से मांग की है कि चारधाम यात्रा सीजन को देखते हुए तत्काल विशेष अभियान चलाकर हाईवे और नगर क्षेत्र की सड़कों से गोवंश हटाए जाएं, जिससे यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे और दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *