देहरादून
आगामी 28 अप्रैल को आयोजित होने वाले उत्तराखंड की पंचम विधानसभा के एक दिवसीय विशेष सत्र “नारी सम्मान – लोकतंत्र में अधिकार” को सुव्यवस्थित, सुरक्षित और सफलतापूर्वक संपन्न कराने के उद्देश्य से देहरादून स्थित विधानसभा भवन में उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूडी भूषण ने की।
बैठक में विशेष सत्र के दौरान कानून-व्यवस्था, वीआईपी एवं आगंतुक प्रबंधन, यातायात व्यवस्था, पार्किंग, अग्नि सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं, पेयजल, स्वच्छता, विद्युत आपूर्ति, संचार तंत्र और मीडिया प्रबंधन सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
विधानसभा अध्यक्ष ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सत्र के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इसके लिए सभी तैयारियां समयबद्ध और जिम्मेदारी के साथ पूरी की जाएं। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें ताकि व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित हो सकें।
अध्यक्ष ने सुरक्षा, शांति और सुव्यवस्था बनाए रखने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि सभी संबंधित विभागों के सहयोग से यह विशेष सत्र गरिमामय और सफलतापूर्वक संपन्न होगा।
बैठक में शासन, पुलिस प्रशासन एवं विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इनमें मुख्य सचिव आनन्द वर्धन, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ, सचिव गृह शैलेश बगोली, एडीजी लॉ एंड ऑर्डर वी. मुरुगेशन, आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, एसएसपी देहरादून पी.एस. डोभाल, एसपी इंटेलिजेंस नीरज कुमार मिश्रा, सीएमओ डॉ. मनोज कुमार शर्मा सहित अन्य अधिकारी शामिल रहे।
इसके अलावा विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं विधानसभा सचिवालय के प्रभारी सचिव हेम चन्द्र पंत और मार्शल ललित जोशी भी बैठक में उपस्थित रहे।
यह बैठक आगामी विशेष सत्र को लेकर प्रशासन की गंभीरता और तैयारियों का स्पष्ट संकेत देती है।
28 अप्रैल के विशेष सत्र को लेकर विधानसभा में हाईलेवल तैयारी, सुरक्षा से व्यवस्थाओं तक व्यापक मंथन
