मण्डल-चोपता मार्ग पर बिगड़े मौसम में फंसे श्रद्धालु के लिए चमोली पुलिस बनी देवदूत, श्रद्धालु का किया सफल रेस्क्यू

चमोली जिले के मण्डल-चोपता सड़क मार्ग पर शनिवार देर शाम अचानक बदले मौसम के बीच फंसे एक श्रद्धालु को पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सुरक्षित रेस्क्यू किया। तेज आंधी, भारी बारिश और ओलावृष्टि के कारण मार्ग पर हालात बेहद खराब हो गए थे, जिससे श्रद्धालु का आगे बढ़ पाना मुश्किल हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार को संकट में फंसे श्रद्धालु ने डायल 112 पर सहायता की गुहार लगाई। सूचना मिलते ही कोतवाली गोपेश्वर और चौकी मण्डल की पुलिस टीम तत्काल मौके के लिए रवाना हुई। खराब मौसम, कम दृश्यता और कठिन परिस्थितियों के बावजूद पुलिस ने सूझबूझ और साहस का परिचय देते हुए श्रद्धालु को सुरक्षित ढूंढ निकाला।
रेस्क्यू किए गए श्रद्धालु की पहचान राठौड़ पंकज भाई, निवासी सरदार भवन सोसायटी, अमरेली (गुजरात) के रूप में हुई है, जो साइकिल से उत्तराखण्ड यात्रा पर निकले थे। पुलिस टीम ने उन्हें सुरक्षित सरकारी वाहन से मण्डल चौकी पहुंचाया।
इसके बाद पुलिस ने मानवता का परिचय देते हुए श्रद्धालु के ठहरने और भोजन की भी समुचित व्यवस्था कराई। सहायता मिलने पर श्रद्धालु ने पुलिस का आभार व्यक्त किया।
पुलिस प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले मौसम की जानकारी अवश्य लें, निर्धारित मार्गों का पालन करें और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस से संपर्क करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *