चारधाम यात्रा से पहले फायर विभाग अलर्ट: गोपेश्वर फायर स्टेशन का अर्द्धवार्षिक निरीक्षण, संसाधनों की परखी गई तैयारी

गोपेश्वर : आगामी चारधाम यात्रा एवं फायर सीजन को देखते हुए मुख्य अग्निशमन अधिकारी गिरीश सिंह बिष्ट ने बुधवार को फायर स्टेशन गोपेश्वर का अर्द्धवार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान व्यवस्थाओं, संसाधनों और कार्मिकों की तत्परता का व्यापक परीक्षण किया गया।
निरीक्षण की शुरुआत परेड से हुई, जहां कर्मियों की उपस्थिति, अनुशासन, वर्दी एवं शारीरिक दक्षता का आकलन किया गया। इसके बाद वॉचरूम ड्यूटी का निरीक्षण करते हुए आपातकालीन सूचनाओं के त्वरित संप्रेषण की प्रक्रिया की जानकारी ली गई।
अधिकारी ने सभी अग्निशमन वाहनों को क्रमशः स्टार्ट कर उनकी कार्यक्षमता जांची। सभी वाहन आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार पाए गए। साथ ही फायर उपकरणों की स्थिति और उपयोगिता भी संतोषजनक पाई गई।
आपदा प्रबंधन उपकरणों—वुडन कटर, कंक्रीट कटर, आयरन कटर, चैन सॉ और मेटैलिक शीट कटर—की भी मौके पर टेस्टिंग कराई गई, जो सुचारू रूप से कार्यरत मिले। वनाग्नि की आशंका को देखते हुए वाटर मिक्स्ड ब्लोअर की विशेष जांच की गई, जो पूरी तरह प्रभावी पाया गया।
निरीक्षण के दौरान स्टोर, मैस, बैरक, स्नानागार और शौचालय की साफ-सफाई व व्यवस्थाएं उच्च स्तर की पाई गईं। कार्यालय व अभिलेखों का भी परीक्षण किया गया, जो अद्यतन और सुव्यवस्थित मिले।
इस अवसर पर आयोजित सम्मेलन में मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने कार्मिकों की समस्याएं जानीं, हालांकि किसी ने कोई समस्या नहीं रखी। मैस का निरीक्षण कर भोजन की गुणवत्ता की भी सराहना की गई।
अंत में अधिकारी ने सभी कार्मिकों को चारधाम यात्रा और फायर सीजन के दौरान सतर्क, अनुशासित और पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया और बेहतर समन्वय के जरिए जन-धन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *