चमोली : सोमवार को पुलिस उपाधीक्षक कर्णप्रयाग त्रिवेन्द्र सिंह राणा द्वारा थाना पोखरी का अर्द्धवार्षिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाने की व्यवस्थाओं, अभिलेखों एवं संसाधनों का गहनता से परीक्षण करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण की शुरुआत थाना परिसर में गार्द द्वारा प्रस्तुत मान-प्रणाम से हुई, जिसे पुलिस उपाधीक्षक ने स्वीकार किया। इसके पश्चात उन्होंने थाना कार्यालय, कार्मिक बैरक, भोजनालय सहित अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक पाई गई, वहीं नियमित स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।
पुलिस उपाधीक्षक ने थाना मालखाना एवं सरकारी संपत्ति का भी विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने मालखाने में लंबित मालों एवं थाने में खड़े वाहनों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए।
शस्त्रों के निरीक्षण के दौरान उपस्थित कार्मिकों से हथियारों की हैंडलिंग कराई गई तथा थानाध्यक्ष को निर्देशित किया गया कि साप्ताहिक रूप से शस्त्र संचालन का अभ्यास कराया जाए।
इसके साथ ही आपदा उपकरणों की कार्यशीलता की भी जांच की गई। पुलिस कर्मियों को उपकरणों की व्यवहारिक जानकारी दी गई तथा निर्देशित किया गया कि सभी को नियमित रूप से प्रशिक्षण दिया जाए, जिससे आपात स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
थाना अभिलेखों के निरीक्षण में उन्हें अद्यावधिक रखने के निर्देश दिए गए। वहीं सीसीटीएनएस कार्यालय का निरीक्षण करते हुए ऑनलाइन पोर्टलों पर प्राप्त शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण और जीडी को शत-प्रतिशत अपडेट रखने के निर्देश दिए गए।
महिला हेल्पलाइन डेस्क का निरीक्षण करते हुए फरियादियों की शिकायतों का त्वरित और संवेदनशील निस्तारण सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
इसके अतिरिक्त थाने में लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण हेतु विवेचकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के उपरांत पुलिस उपाधीक्षक ने सभी कार्मिकों के साथ सम्मेलन कर उनकी समस्याएं सुनीं और सभी को ईमानदारी एवं जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।
इस दौरान थानाध्यक्ष देवेन्द्र पंत सहित अन्य पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।
