कोटद्वार | उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष एवं कोटद्वार विधायक ऋतु खण्डूडी भूषण ने आज कोटद्वार के देवी रोड स्थित स्क्वायर में आयोजित उत्तराखंड फार्मेसी सेवा संघ (एलोपैथिक) जनपद पौड़ी गढ़वाल के द्वितीय अधिवेशन में मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया।
इस अवसर पर कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ और प्रभावी बनाने में फार्मासिस्टों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने फार्मासिस्टों को स्वास्थ्य व्यवस्था की रीढ़ बताते हुए कहा कि वे दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों तक दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने में अहम योगदान दे रहे हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और मजबूती के लिए निरंतर प्रयासरत है और इस दिशा में फार्मासिस्टों का योगदान सराहनीय है। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि चारधाम यात्रा जैसे महत्वपूर्ण अवसरों पर फार्मासिस्टों की जिम्मेदारी और अधिक बढ़ जाती है, इसलिए उनकी सुविधाओं और आवश्यकताओं का विशेष ध्यान रखा जाएगा।
विधानसभा अध्यक्ष ने आश्वासन दिया कि फार्मेसी से जुड़े कर्मचारियों की समस्याओं और मांगों को गंभीरता से लेते हुए उनके समाधान के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि स्वास्थ्य सेवाएं आमजन तक सरल और बेहतर ढंग से पहुंचें, जिसके लिए सभी संबंधित कर्मचारियों के हितों का संरक्षण जरूरी है।
इस दौरान संघ के पदाधिकारियों ने विधानसभा अध्यक्ष को एक ज्ञापन भी सौंपा, जिसमें प्रमुख मांगें शामिल रहीं—
चारधाम यात्रा के लिए स्वीकृत 63 फार्मासिस्ट पदों को शीघ्र क्रियाशील किया जाए
वर्ष 2009 के बाद नियुक्त डिप्लोमा फार्मासिस्टों को 10 वर्ष की सेवा पूर्ण होने पर ₹5400 ग्रेड पे का लाभ दिया जाए
जनपद में फार्मेसी संघ के संचालन हेतु भवन निर्माण की स्वीकृति प्रदान की जाए
ऋतु खण्डूडी भूषण ने ज्ञापन पर सकारात्मक रुख दिखाते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश देने का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम में राज्य मंत्री दर्जा प्राप्त प्रताप सिंह पवार, जनपद अध्यक्ष पंचम सिंह रावत, अध्यक्ष सुधा कुकरेती, संजय नेगी, रुचिन महेश्वरी, डी.एस. नेगी, राजेश शाह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कोटद्वार में फार्मेसी सेवा संघ का द्वितीय अधिवेशन, विधानसभा अध्यक्ष ऋतू खण्डूडी भूषण बोलीं—स्वास्थ्य व्यवस्था की रीढ़ हैं फार्मासिस्ट
