विष्णुप्रयाग में टला बड़ा हादसा: नदी में कूदे कर्नाटक के युवक को पुलिस और एसडीआरएफ ने मौत के मुंह से निकाला

चमोली जिले के थाना गोविंदघाट क्षेत्र अंतर्गत विष्णुप्रयाग के समीप उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक के पुल से नदी में कूदने की सूचना पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही चमोली पुलिस और एसडीआरएफ की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
रेस्क्यू अभियान के दौरान टीम को पता चला कि नदी में कूदने वाला युवक तेज बहाव के चलते बह गया था, लेकिन कुछ दूरी पर जाकर वह नदी के बीच बने एक बड़े टीले पर फंस गया। स्थिति बेहद जोखिमभरी थी, क्योंकि नदी का बहाव तेज था और युवक की जान पर खतरा मंडरा रहा था।
एसडीआरएफ और पुलिस की संयुक्त टीम ने सूझबूझ और साहस का परिचय देते हुए कड़ी मशक्कत के बाद युवक तक पहुंच बनाई और सुरक्षित रेस्क्यू कर उसे बाहर निकाला। रेस्क्यू के बाद युवक को तत्काल पुलिस के सुपुर्द किया गया, जहां से उसे प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि नदी में कूदने वाला युवक करीब 25 वर्ष का है और वह कर्नाटक का निवासी है। फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि युवक ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली और प्रशाषन के रेस्क्यू टीम के साहसिक कार्य की सराहना की

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *