कर्णप्रयाग विधानसभा में सड़कों के विकास को मिली नई रफ्तार, विधायक अनिल नौटियाल के प्रयासों से मोटरमार्गों को मिली स्वीकृति

कर्णप्रयाग विधायक अनिल नौटियाल के प्रयासों से विधानसभा क्षेत्र में सड़को के विकास को लेकर बड़ी उपलब्धि सामने आई है।  विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत सड़क मार्गो से बंचित विभिन्न गांवों को मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में स्थानीय विधायक अनिल नौटियाल के प्रयास जमीन पर उतरते नजर आ रहे हैं। उनकी सक्रिय पहल और शासन स्तर पर मजबूत पैरवी के चलते कर्णप्रयाग विधानसभा के अंतर्गत कई महत्वपूर्ण मोटर मार्गों के निर्माण एवं सुधार कार्यों के लिए वित्तीय स्वीकृति प्राप्त हुई है। विधायक अनिल नौटियाल द्वारा किये गए स्वीकृत कार्यों में देवलगढ़–गढसारी मोटर मार्ग का नव निर्माण, मटियाला–किरसाल मोटर मार्ग का सुधारीकरण एवं डामरीकरण, तथा भकुंडा से ढुंग मोटर मार्ग के द्वितीय चरण का निर्माण शामिल हैं। विधायक अनिल नौटियाल ने कहा कि इन योजनाओं के पूरा होने से वर्षों से सड़क सुविधा से वंचित ग्रामीणों को बड़ी राहत मिलेगी और क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा।
विधायक अनिल नौटियाल ने कहा कि यह उपलब्धि क्षेत्र की जनता की अपेक्षाओं और उनके निरंतर प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने बताया कि उनका लक्ष्य कर्णप्रयाग विधानसभा के प्रत्येक गांव तक सड़क सुविधा पहुंचाना है, ताकि हर क्षेत्र विकास की मुख्यधारा से जुड़ सके।
इस अवसर पर उन्होंने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी तथा कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार पर्वतीय क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए गंभीरता से कार्य कर रही है, जिसका लाभ अब कर्णप्रयाग को भी मिल रहा है।
विधायक ने यह भी स्पष्ट किया कि अभी कई अन्य महत्वपूर्ण मोटर मार्गों और पुलों के प्रस्ताव स्वीकृति की प्रक्रिया में हैं, जिनके लिए वे लगातार प्रयासरत हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में कर्णप्रयाग विधानसभा को और भी बड़ी विकास योजनाओं की सौगात मिलेगी।
स्थानीय जनता ने विधायक के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि मजबूत सड़क नेटवर्क से शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन और रोजगार के नए अवसर खुलेंगे, जिससे पूरे क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *