चमोली : बद्रीनाथ धाम चढ़ावे में हेराफेरी करने वाला एक और गिरफ्तार: CCTV फुटेज के सुबूतों पर सह अभियुक्त पूर्व मंदिर अधिकारी राजेंद्र चौहान गिरफ्तार

बद्रीनाथ
करोड़ो हिन्दुओ की आस्था के केंद्र बद्रीनाथ धाम में थाली भेंट की धनराशि और दान सामग्री में हुई वित्तीय अनियमितता के मामले में गठित SIT को एक और बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने इस मामले में एक और बड़े चेहरे को बेनकाब करते हुए सह-अभियुक्त राजेंद्र चौहान को गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी किसी और आधार पर नहीं, बल्कि पुख्ता सीसीटीवी फुटेज के सुबूतों के आधार पर हुई है।”

 हिंदुओं की आस्था के केंद्र श्री बद्रीनाथ धाम को अपनों ने ही लूटने की कोशिश की। थाली भेंट में आए चढ़ावे में हेराफेरी करने वाले तत्कालीन मंदिर अधिकारी और थाली भेंट गणना प्रभारी राजेंद्र चौहान को चमोली पुलिस की SIT ने ज्योतिर्मठ से गिरफ्तार कर लिया है। चमोली के पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पँवार के निर्देश पर बैठी SIT इस पूरे घोटाले की परतें खोलने में जुटी है।”

“जांच टीम ने जब थाली भेंट गणना कक्ष की सीसीटीवी फुटेज को खंगाला, तो सच देखकर हर कोई हैरान रह गया। फुटेज में साफ दिख रहा है कि राजेंद्र चौहान ने 22, 25 और 29 जून को ड्यूटी के दौरान ₹500 के नोटों की गड्डियां, दान में आए आभूषण और अन्य सामग्री चुपके से अपनी जेब में रख ली। इस काले खेल में उसका साथ दे रहा था मुख्य आरोपी प्रमोद नौटियाल, जो पहले ही जेल की सलाखों के पीछे है।”

“इस पुख्ता इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य के बाद पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 61(2)(क) यानी आपराधिक षड्यंत्र की धारा बढ़ा दी है। फिलहाल पुलिस आरोपी राजेंद्र चौहान से गहन पूछताछ कर रही है और उसे जल्द ही कोर्ट में पेश किया जाएगा। पुलिस का साफ कहना है कि बाबा के दरबार में हेराफेरी करने वाले किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।”

 

“आस्था के नाम पर खिलवाड़ करने वाले अब कानून के शिकंजे में हैं। देखना यह होगा कि इस जांच की आंच बीकेटीसी (BKTC) के और कितने अधिकारियों और कर्मचारियों तक पहुंचती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *