चमोली
संसद में महिला आरक्षण बिल को लेकर भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा चमोली ने रविवार को जिला मुख्यालय गोपेश्वर में आक्रोश रैली निकालकर कांग्रेस के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। रैली गोपीनाथ मंदिर गेट से शुरू होकर मुख्य बाजार होते हुए निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने आरोप लगाया कि संसद में विपक्ष द्वारा महिला आरक्षण बिल पर सहमति न देने से महिलाओं के अधिकारों को ठेस पहुंची है। उन्होंने कांग्रेस समेत अन्य विपक्षी दलों पर महिला विरोधी रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि केंद्र सरकार महिलाओं को सशक्त बनाने और उन्हें हर क्षेत्र में अग्रणी भूमिका देने के लिए लगातार प्रयासरत है।
भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष पवित्रा बिष्ट ने कहा कि भाजपा सरकार लोकसभा और विधानसभा में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने के उद्देश्य से बिल में संशोधन लाना चाहती थी, लेकिन विपक्ष के विरोध के कारण इसे पारित नहीं किया जा सका।
इस दौरान कर्णप्रयाग विधायक अनिल नौटियाल, थराली विधायक भोपाल राम टम्टा, जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत बिष्ट, भाजपा जिलाध्यक्ष गजपाल बर्तवाल, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष पवित्रा बिष्ट सहित कई जनप्रतिनिधि और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
