कर्णप्रयाग
डॉ. शिवानंद नौटियाल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कर्णप्रयाग की रेड क्रॉस इकाई द्वारा विश्व स्वास्थ्य दिवस धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में स्वास्थ्य जागरूकता को लेकर विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में वनस्पति विज्ञान विभाग की प्राध्यापक डॉ. प्रमिला ने छात्र-छात्राओं को स्वास्थ्य संबंधी अनेक महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। उन्होंने अपने संबोधन में बताया कि उत्तराखंड के कई क्षेत्रों में जागरूकता की कमी के चलते छात्र-छात्राएं स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे हैं, जिसमें छात्राओं की स्थिति अधिक चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि इन समस्याओं से निपटने के लिए स्थानीय स्तर पर जागरूकता बढ़ाना बेहद जरूरी है। साथ ही उन्होंने मॉस हिस्टीरिया जैसे रोग से जुड़ी भ्रांतियों को भी स्पष्ट किया।
महाविद्यालय के प्राचार्य ने अपने संबोधन में कहा कि शारीरिक गतिविधियों में कमी के कारण स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं। उन्होंने छात्रों को नियमित व्यायाम और सक्रिय जीवनशैली अपनाने की सलाह दी।
रेड क्रॉस इकाई के नोडल अधिकारी कीर्तिराम डंगवाल ने स्वयंसेवियों को रेड क्रॉस की मूलभूत जानकारियों से अवगत कराया और इसके संस्थापक हेनरी ड्यूनेन्ट के योगदान पर प्रकाश डाला।
डॉ. मदन शर्मा ने अपने संबोधन में मोबाइल के अत्यधिक उपयोग से स्वास्थ्य पर पड़ने वाले नकारात्मक प्रभावों के प्रति आगाह किया और संतुलित उपयोग की सलाह दी।
कार्यक्रम में महाविद्यालय की प्राध्यापक डॉ. कविता पाठक, डॉ. हरीश बहुगुणा सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
