- चमोली जिले के नन्दानगर क्षेत्र में नाबालिग बालिका के साथ छेड़छाड़ के मामले में पुलिस ने बड़ी तत्परता दिखाते हुए आरोपी को महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। घटना ने क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया था, लेकिन पुलिस की तेजी से लोगों में भरोसा कायम हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 26 मार्च 2026 को पीड़िता की मां ने थाना नन्दानगर में तहरीर देकर बताया कि उनकी नाबालिग पुत्री शिक्षिका के घर से पुस्तक लेकर लौट रही थी। इसी दौरान पुराना बाजार स्थित पुल के पास एक व्यक्ति ने गलत नीयत से उसे छूते हुए जबरन अपने साथ ले जाने का प्रयास किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल संज्ञान लेते हुए मुकदमा अपराध संख्या 05/2026 के तहत धारा 75(2) बीएनएस एवं 7/8 पॉक्सो एक्ट में केस दर्ज किया। इसके बाद पुलिस टीम का गठन कर सक्रियता से कार्रवाई शुरू की गई।
तेज कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी मनोज कुमार (35 वर्ष), निवासी ग्राम सैती, थाना नन्दानगर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को विधिक प्रक्रिया पूरी करते हुए न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
महिलाओं-बालिकाओं की सुरक्षा सर्वोपरि: पुलिस
चमोली पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। ऐसे जघन्य अपराधों पर ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति के तहत आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम:
उपनिरीक्षक मनोज भट्ट
कांस्टेबल शोभन सिंह
होमगार्ड योगेन्द्र फर्स्वाण
इस त्वरित कार्रवाई से एक बार फिर चमोली पुलिस की मुस्तैदी और प्रतिबद्धता सामने आई है।
