जिला न्यायालय गोपेश्वर में प्रशिक्षण: गिरफ्तारी प्रक्रिया, साइबर अपराध और नशे के दुष्प्रभावों पर विस्तृत चर्चा

गोपेश्वर :  जिला न्यायालय गोपेश्वर के सभागार में मंगलवार को नव चयनित पराविधिक कार्यकर्ता (अधिकार मित्र) के लिए एक प्रभावशाली एवं ज्ञानवर्धक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य प्रतिभागियों को कानूनी प्रक्रियाओं, साइबर अपराधों और सामाजिक जागरूकता से संबंधित महत्वपूर्ण विषयों पर प्रशिक्षित करना रहा।
प्रशिक्षण सत्र के दौरान उपनिरीक्षक नवनीत भंडारी ने पुलिस की कार्यप्रणाली, क्षेत्राधिकार, गिरफ्तारी की वैधानिक प्रक्रिया एवं पुलिस कस्टडी से जुड़े अहम पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने जटिल कानूनी विषयों को सरल उदाहरणों के माध्यम से समझाते हुए प्रतिभागियों की व्यवहारिक समझ को मजबूत किया।
वहीं, साइबर सेल की टीम ने प्रतिभागियों को साइबर अपराधों के विभिन्न प्रकार, उनसे बचाव के उपाय और तेजी से बढ़ रहे साइबर फ्रॉड के प्रति सतर्क रहने की जानकारी दी। इसके साथ ही नशे के दुष्प्रभावों और समाज पर उसके नकारात्मक असर पर भी विस्तार से चर्चा की गई, तथा सभी को जागरूक रहने और दूसरों को भी जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उन्हें कानून और मानवाधिकारों के प्रति संवेदनशील रहकर कार्य करने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर पुनीत कुमार, सिविल जज (सीनियर डिवीजन) एवं सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चमोली, ज्ञानेन्द्र खंतवाल, रिटेनर अधिवक्ता सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *