श्री नंदा देवी राजजात 2027 की तैयारियों पर तेज़ी की मांग: पूर्व पालिकाध्यक्ष सुभाष गैरोला के नेतृत्व में कर्णप्रयाग के प्रतिनिधिमंडल ने डीएम को सौंपा ज्ञापन, विकास से लेकर भूस्खलन तक उठाए अहम मुद्दे

चमोली

श्री नंदा देवी राजजात 2027 की तैयारियों को लेकर कर्णप्रयाग से एक प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी चमोली से भेंट कर व्यापक विकास कार्यों और क्षेत्रीय समस्याओं को लेकर एक ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने विशेष रूप से यात्रा के प्रथम पड़ाव ईड़ाबधाणी क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण की मांग की । 
प्रतिनिधिमंडल में नगरपालिका परिषद कर्णप्रयाग के पूर्व अध्यक्ष सुभाष गैरोला, और समिति के सचिव ललित पंवार, संयोजक सुरेन्द्र सिंह पंवार और संजय गुसाईं शामिल रहे।
ज्ञापन में ईड़ाबधानी क्षेत्र में सड़क, पैदल मार्ग, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, सोलर लाइट, पार्किंग, शौचालय निर्माण और मंदिरों के सौंदर्यीकरण जैसे महत्वपूर्ण कार्यों को प्राथमिकता से पूर्ण करने की मांग उठाई गई। साथ ही यात्रा मार्ग के अंतर्गत आने वाले विभिन्न ग्राम पंचायतों में अधूरे निर्माण और मरम्मत कार्यों को शीघ्र पूरा करने की बात कही गयी
प्रतिनिधिमंडल ने ईड़ाबधानी गांव में लगातार बढ़ते भूस्खलन के खतरे को गंभीर चिंता का विषय बताते हुए गांव की सुरक्षा के लिए ठोस कार्ययोजना बनाने की मांग की। उन्होंने जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने, प्रभावित परिवारों के पुनर्वास और मुआवजे पर शीघ्र निर्णय लेने की भी आवश्यकता जताई।
इसके अतिरिक्त कर्णप्रयाग नगर क्षेत्र के आपदाग्रस्त इलाकों के लिए स्थायी समाधान की मांग करते हुए भूमि अधिग्रहण और प्रभावी पुनर्वास नीति लागू करने का अनुरोध भी किया गया।
जिलाधिकारी चमोली ने प्रतिनिधिमंडल को भरोसा दिलाया कि सभी मांगों पर प्राथमिकता के आधार पर गंभीरता से कार्यवाही की जाएगी, ताकि आगामी नंदा देवी राजजात यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुविधाजनक बनाया जा सके।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *