चारधाम यात्रा से पहले कर्णप्रयाग में पुलिस की सख्ती, थाना दिवस में पुलिस ने दिये सख्त निर्देश

कर्णप्रयाग : आगामी चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुगम बनाने को लेकर कर्णप्रयाग में थाना दिवस का आयोजन किया गया। प्रभारी निरीक्षक कर्णप्रयाग राकेश भट्ट की अध्यक्षता में पुलिस चौकी बाजार में आयोजित थाना दिवस में टैक्सी यूनियन, होटल एसोसिएशन एवं व्यापार संघ के पदाधिकारियों के साथ समन्वय बैठक का आयोजन किया गया । बैठक में यात्रा के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने, यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने तथा कानून-व्यवस्था को मजबूत रखने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
प्रभारी निरीक्षक राकेश भट्ट ने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि यात्रियों से किसी भी प्रकार का अतिरिक्त या अनावश्यक किराया न वसूला जाए। सभी वाहनों को केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा किया जाए, जिससे यातायात बाधित न हो।
होटल संचालकों को निर्देशित किया गया कि वे अपने प्रतिष्ठानों में रेट लिस्ट अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करें, सीसीटीवी कैमरों को ठीक रखें तथा कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन सुनिश्चित करें।
वहीं व्यापारियों को दुकानों के बाहर अतिक्रमण न करने, मार्ग को बाधित न करने और स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही होटल एवं अन्य प्रतिष्ठानों में आगंतुक रजिस्टर का नियमित रखरखाव सुनिश्चित करने को भी कहा गया।
थाना दिवस के दौरान सभी पक्षों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया कि चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित वातावरण मिल सके।
इस अवसर पर व्यापार संघ अध्यक्ष विरेन्द्र मिंगवाल, संजय लखेड़ा, डॉ0 मदन मोहन नवानी, अरविंद कुमार, आदि मौजद थे । 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *