चमोली | आगामी चारधाम यात्रा-2026 को सुरक्षित, सुचारु और व्यवस्थित बनाने के लिए चमोली पुलिस ने तैयारियों को तेज कर दिया है। इसी क्रम में पुलिस उपाधीक्षक कर्णप्रयाग त्रिवेन्द्र सिंह राणा ने यात्रा मार्ग पर स्थित प्रमुख थाना और चौकियों का व्यापक स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान पीपलकोटी, हेलंग, पाखी, टंगडी, मारवाड़ी, पांडुकेश्वर, लामबगड़, हनुमानचट्टी और थाना श्री बद्रीनाथ क्षेत्रों का दौरा किया गया। इस दौरान ड्यूटी पर तैनात होने वाले पुलिस कर्मियों के लिए आवास, पेयजल, बिजली, शौचालय सहित सभी मूलभूत सुविधाओं की गहन जांच की गई। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि सभी व्यवस्थाएं यात्रा शुरू होने से पहले पूरी कर ली जाएं, ताकि पुलिस बल को किसी तरह की दिक्कत न हो।
सुरक्षा के मद्देनजर चौकियों में लगे CCTV कैमरों की भी जांच की गई। चौकी मारवाड़ी में दो कैमरे खराब पाए गए, जिन्हें तुरंत ठीक करने के निर्देश दिए गए। वहीं लामबगड़ चौकी में जनरेटर और बिजली आपूर्ति में खामियां सामने आईं, जिन्हें शीघ्र दुरुस्त करने को कहा गया।
टंगणी (सीजनल) चौकी के पास स्थित पागलनाला के बरसात में उफान पर आने से यात्रा प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए चौकी समय से स्थापित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही यात्रा मार्ग पर स्थापित पुलिस गुमटियों की स्थिति का भी निरीक्षण कर उन्हें सक्रिय बनाए रखने को कहा गया।
थाना श्री बद्रीनाथ क्षेत्र में हाल ही में हुई बर्फबारी से हुए नुकसान का भी निरीक्षण किया गया। भवनों और अन्य संरचनाओं की क्षति का आकलन कर संबंधित ठेकेदार को जल्द मरम्मत पूरी करने के निर्देश दिए गए। पुलिस कर्मियों के लिए बनाए गए हटमेंट की स्थिति की भी समीक्षा कर आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा गया।
निरीक्षण के दौरान माणा क्षेत्र का भी दौरा किया गया, जहां मास्टर प्लान के तहत चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति का अवलोकन किया गया।
पुलिस उपाधीक्षक ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि यात्रा से पहले संसाधनों का पूरा आंकलन कर लिया जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
इस मौके पर प्रतिसार निरीक्षक आनंद सिंह रावत, प्रभारी निरीक्षक गोविन्दघाट चित्रगुप्त, उपनिरीक्षक ललित मोहन जखमोला सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद थे ।
चारधाम यात्रा से पहले पुलिस अलर्ट: यात्रा व्यवस्थाओं को लेकर सीओ ने किया निरीक्षण, सुरक्षा और सुविधाओं पर खास फोकस
