देहरादून में ओवरटेक विवाद बना जानलेवा, मॉर्निंग वॉक कर रहे रिटायर्ड ब्रिगेडियर की गोली लगने से मौत

देहरादून: राजधानी देहरादून में सोमवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां सड़क पर हुए ओवरटेकिंग विवाद ने एक निर्दोष व्यक्ति की जान ले ली। फायरिंग की इस घटना में मॉर्निंग वॉक पर निकले रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश जोशी की गोली लगने से मौत हो गई।
राजपुर थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 6:50 बजे कंट्रोल रूम को जोहड़ी गांव क्षेत्र में फायरिंग की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही एसएसपी देहरादून, एसपी सिटी सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मसूरी रोड पर मालसी के पास एक दिल्ली नंबर की फॉर्च्यूनर और स्कॉर्पियो N में सवार लोगों के बीच ओवरटेकिंग को लेकर विवाद हो गया था। विवाद बढ़ने पर स्कॉर्पियो में सवार व्यक्तियों ने फॉर्च्यूनर का पीछा किया और उसे रोकने के लिए उसके टायरों पर फायरिंग कर दी।
इसी दौरान सड़क पर मॉर्निंग वॉक कर रहे रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश जोशी को दुर्घटनावश गोली लग गई। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
फायरिंग के बाद फॉर्च्यूनर कार जोहड़ी गांव स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय के पास अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। इसके बाद स्कॉर्पियो सवार आरोपियों ने फॉर्च्यूनर में मौजूद लोगों के साथ मारपीट कर वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना में फॉर्च्यूनर सवार दो लोग घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने पूरे जनपद में नाकेबंदी कर सघन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया है। साथ ही, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपियों की पहचान और तलाश की जा रही है।
पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *