ऑपरेशन प्रहार: नशे में धुत ड्राइवर कार समेत घुसा थाने में, पुलिस ने सिखाया कड़ा सबक

ज्योतिर्मठ : नशे में वाहन चलाने की लापरवाही किस हद तक खतरनाक हो सकती है, इसका हैरान कर देने वाला मामला ज्योतिर्मठ से सामने आया है। यहां एक ड्राइवर शराब के नशे में इस कदर बेसुध हो गया कि सड़क और थाना परिसर का फर्क तक भूल बैठा और अपनी कार सीधे थाने के अंदर ले आया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जगमोहन सिंह पुत्र पीतांबर सिंह, निवासी ग्राम उर्गम अपनी सेंट्रो कार (UK07 DZ 0711) चलाते हुए शराब के नशे में था। नशे की हालत में वह दिशा का अंदाजा खो बैठा और वाहन को सड़क के बजाय सीधे कोतवाली परिसर में घुसा दिया।
थाने में प्रवेश करते ही आरोपी ने हंगामा शुरू कर दिया और शोर-शराबा कर माहौल बिगाड़ने की कोशिश की। स्थिति बिगड़ती देख मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्काल हस्तक्षेप कर हालात को काबू में किया।
 पुलिस द्वारा कराए गए मेडिकल परीक्षण में शराब के सेवन की पुष्टि होने पर सख्त कार्रवाई की गई। वाहन को मोटर वाहन अधिनियम की विभिन्न धाराओं (3/181, 39/192, 146/196, 190(2), 184, 185, 202/207) के तहत सीज कर दिया गया।
वहीं, वाहन में साथ बैठे नीरज पुत्र कलम सिंह, निवासी सिंहधार ज्योर्तिमठ द्वारा मौके पर हंगामा और न्यूसेंस फैलाने पर पुलिस एक्ट के तहत चालान किया गया।
इसी दौरान चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस ने एक और कार्रवाई करते हुए राकेश नेगी पुत्र मदन सिंह, निवासी ज्योर्तिमठ की पल्सर (UK07 AS 7004) को भी सीज कर दिया। राकेश वैध कागजात प्रस्तुत करने में असफल रहा, जिसके चलते यह कार्रवाई की गई।
 पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि
“नशे में ड्राइविंग, यातायात नियमों की अनदेखी और कानून से खिलवाड़ किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *