चारधाम यात्रा से पहले फायर विभाग अलर्ट, ज्योतिर्मठ में संसाधनों की हुई जांच

चमोली
आगामी चारधाम यात्रा को सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से फायर विभाग ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में सोमवार को मुख्य अग्निशमन अधिकारी गिरीश बिष्ट ने फायर स्टेशन ज्योतिर्मठ का अर्द्धवार्षिक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने फायर स्टेशन परिसर का विस्तृत भ्रमण करते हुए सभी अग्निशमन संसाधनों की बारीकी से जांच की। इस दौरान फायर टेंडरों, पंपों, मोटरों समेत विभिन्न आपदा उपकरणों को मौके पर ही संचालित कर उनकी कार्यशीलता परखी गई, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने प्रभारी अग्निशमन अधिकारी को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि चारधाम यात्रा के दौरान बढ़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ और संभावित जोखिमों को देखते हुए सभी उपकरणों और संसाधनों को शत-प्रतिशत क्रियाशील अवस्था में रखा जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस दौरान फायर कर्मियों से विभिन्न उपकरणों का संचालन कराकर उनकी कार्यकुशलता, प्रतिक्रिया समय और टीम समन्वय का भी आकलन किया गया। साथ ही उन्हें आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित निर्णय लेने और उच्च सतर्कता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने नियमित मॉक ड्रिल, उपकरणों के रख-रखाव और समय-समय पर जांच सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए, ताकि चारधाम यात्रा जैसे संवेदनशील अवसर पर किसी भी अप्रत्याशित घटना से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *