कर्णप्रयाग महाविद्यालय में एनसीसी कैडेट्स का भावुक विदाई सम्मान समारोह, रंगारंग प्रस्तुतियों के बीच सम्मानित हुए प्रतिभाशाली कैडेट्स

कर्णप्रयाग
डॉ. शिवानंद नौटियाल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कर्णप्रयाग के सभागार में 2023–26 बैच के एनसीसी कैडेट्स के लिए एक भावुक और यादगार विदाई सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्राचार्य डॉ. राम अवतार सिंह सहित अन्य विशिष्ट अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
समारोह की शुरुआत कैडेट अमीषा और कैडेट रिया द्वारा प्रस्तुत भावपूर्ण गीत से हुई, जिसने पूरे माहौल को भावनाओं से सराबोर कर दिया। इसके बाद द्वितीय वर्ष के कैडेट्स ने ऊर्जावान समूह नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया और कार्यक्रम में जोश भर दिया।
कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का सिलसिला लगातार जारी रहा। तृतीय वर्ष की कैडेट ज्योति ने लोकगीत प्रस्तुत कर पारंपरिक रंग बिखेरे, वहीं द्वितीय एवं तृतीय वर्ष के कैडेट्स ने शानदार नृत्य प्रस्तुतियों से माहौल को जीवंत बनाए रखा।
समारोह का सबसे भावुक पल अनुभव साझा सत्र रहा, जिसमें एसयूओ अनुज डंगवाल, यूओ अंशु डंगवाल, साक्षी खंडूरी और अनुपमा नेगी ने अपनी एनसीसी यात्रा के अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि एनसीसी ने न केवल उनके व्यक्तित्व को निखारा बल्कि उन्हें अनुशासन, नेतृत्व और चुनौतियों का सामना करने की क्षमता भी प्रदान की।
अपने संबोधन में प्राचार्य डॉ. राम अवतार सिंह ने कैडेट्स की उपलब्धियों पर गर्व व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और जीवन में अनुशासन व समर्पण बनाए रखने की प्रेरणा दी।
इस अवसर पर कैडेट्स को विभिन्न खिताबों से सम्मानित भी किया गया। एसयूओ अनुज डंगवाल को मिस्टर फेयरवेल तथा कैडेट आयशा को मिस फेयरवेल का खिताब दिया गया। वहीं कैडेट हितांशु को मिस्टर स्पार्कल और यूओ अंशु डंगवाल को मिस स्पार्कल चुना गया।
कार्यक्रम का समापन भावुक विदाई के साथ हुआ, जहां कैडेट्स ने एक-दूसरे को शुभकामनाएं देते हुए अपने उज्ज्वल भविष्य की ओर कदम बढ़ाए।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *