चारधाम यात्रा 2026: DM और SP चमोली ने तैयारियों का लिया जायजा, वैकल्पिक मार्गों का निरीक्षण

चमोली : चारधाम यात्रा-2026 की तैयारियों को लेकर चमोली प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। शनिवार को जिलाधिकारी गौरव कुमार और पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने संयुक्त रूप से यात्रा से जुड़ी विभिन्न व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।
इस दौरान डीएम चमोली और एसपी चमोली ने डिम्मर गांव स्थित प्राचीन श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर पहुंचकर भगवान बद्री विशाल से जुड़े आस्था के प्रतीक पवित्र तेल कलश “गाडू घड़ा” के दर्शन किए और विधिवत पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। यह पवित्र कलश बद्रीनाथ धाम में होने वाली नित्य महाभिषेक पूजा में उपयोग किया जाता है। जानकारी के अनुसार, गाडू घड़ा 19 अप्रैल तक डिम्मर में दर्शनार्थ रहेगा, जिसके बाद 20 अप्रैल को इसे बद्रीनाथ धाम के लिए रवाना किया जाएगा।
मंदिर परिसर में डीएम और एसपी ने पुजारी समुदाय और डिमरी धार्मिक केंद्रीय पंचायत के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर यात्रा व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कपाट खुलने के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और समन्वय पर विशेष जोर दिया और सुझाव भी लिए।
इसके बाद अधिकारियों ने गौचर-भट्टनगर-पोखरी और सिवाई-कालेश्वर-कर्णप्रयाग वैकल्पिक मार्गों का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिए कि यात्रा के दौरान यदि बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग बाधित होता है तो इन मार्गों का उपयोग किया जाएगा। लोक निर्माण विभाग को सड़क चौड़ीकरण, गड्ढा मुक्त करने, मलबा हटाने और साइन बोर्ड लगाने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने ट्रैफिक प्रबंधन को मजबूत करने और पार्किंग व्यवस्था को सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। वहीं अधिकारियों ने चमोली और गौचर में बनाए गए नए पार्किंग स्थलों का भी निरीक्षण किया।
चारधाम यात्रा को देखते हुए कोतवाली कर्णप्रयाग का भी औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान बंदी गृह, मालखाना और आपदा रेस्क्यू उपकरणों की जांच कर उन्हें पूरी तरह क्रियाशील रखने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा, जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने डॉ. शिवानंद नौटियाल राजकीय महाविद्यालय कर्णप्रयाग में आयोजित जनगणना-2027 के प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग लिया। जिलाधिकारी ने जनगणना को योजनाओं के क्रियान्वयन का आधार बताते हुए 10 से 24 अप्रैल तक चलने वाले स्वगणना अभियान की जानकारी दी। वहीं पुलिस अधीक्षक ने निष्पक्षता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि चारधाम यात्रा से पहले सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी कर ली जाएंगी, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यात्रा का अनुभव मिल सके।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *