चमोली : आगामी चारधाम यात्रा-2026 को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गयी है । इसी को लेकर सोमवार को पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार ने कोतवाली चमोली का वार्षिक निरीक्षण कर पुलिस की कार्यकुशलता का गहन परीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सलामी गार्द द्वारा एसपी को सम्मानपूर्वक सलामी दी गई, जिसे उन्होंने स्वीकार किया। इसके बाद एसपी ने कोतवाली परिसर, थाना कार्यालय, सीसीटीएनएस कक्ष, महिला हेल्प डेस्क, हवालात, भोजनालय और बैरकों का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने साफ-सफाई को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए बैरकों में टूटी विद्युत लाइनों को तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।शस्त्रों के रख-रखाव और उनकी हैंडलिंग को लेकर भी एसपी ने कार्मिकों की दक्षता परखी। इस दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले हेड कांस्टेबल विद्या चरण को नगद पुरस्कार देने की घोषणा की गई। साथ ही अन्य पुलिसकर्मियों को शस्त्र संचालन का नियमित रिफ्रेशर प्रशिक्षण देने के निर्देश भी दिए गए।आपदा प्रबंधन उपकरणों की समीक्षा करते हुए एसपी ने स्पष्ट किया कि हर पुलिसकर्मी को इनके उपयोग में पूर्ण दक्षता होनी चाहिए। मालखाने में रखे क्राइम किट के आधार पर डमी क्राइम सीन तैयार कर फिंगरप्रिंट अभ्यास कराने के निर्देश भी उपनिरीक्षकों को दिए गए।
सीसीटीएनएस कक्ष के निरीक्षण के दौरान पुराने माल को समय से ‘सुरक्षित मालखाना मॉड्यूल’ में अपलोड करने के निर्देश दिए गए। वहीं महिला हेल्प डेस्क पर तैनात कर्मियों को आगंतुकों के साथ सौम्य व्यवहार और शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए निर्देशित किया गया।
इसके अलावा एसपी ने एमवी एक्ट और आबकारी एक्ट के तहत जब्त माल के शीघ्र निस्तारण के लिए विशेष अभियान चलाने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि लंबित, न्यायालय में विचाराधीन और निस्तारित मामलों की स्थिति स्पष्ट कर विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
निरीक्षण के बाद आयोजित पुलिस सम्मेलन में कार्मिकों की समस्याएं सुनते हुए एसपी ने आगामी चारधाम यात्रा को लेकर सभी को सतर्क और पूर्ण रूप से तैयार रहने के निर्देश दिए। साथ ही होटल, धर्मशालाओं और अन्य प्रतिष्ठानों में कार्यरत बाहरी व्यक्तियों का अनिवार्य सत्यापन सुनिश्चित करने और सभी पुलिसकर्मियों को स्वच्छ व सुसज्जित वर्दी धारण करने के निर्देश भी दिए गए।
अंत में एसपी ने लंबित विवेचनाओं की विवेचकवार समीक्षा करते हुए सभी मामलों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
इस दौरान प्रभारी निरीक्षक अनिरुद्ध व्यास, वाचक नरेन्द्र पुरी सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
