कर्णप्रयाग : कहते हैं अपराध के पैर ज्यादा लंबे नहीं होते, और चमोली पुलिस ने एक बार फिर इसे सच साबित कर दिखाया है। होली के दौरान सूने मकान को निशाना बनाकर लाखों के जेवरात और मोबाइल चोरी करने वाले शातिर अभियुक्त को कर्णप्रयाग पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने गिरफ्ता कर आरोपी के कब्जे से चोरी का माल और चोरी की रकम से खरीदी गई मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
घटना 01 मार्च से 04 मार्च 2026 के बीच की है, जब वादी अर्जुन सिंह (निवासी ग्राम सिदोली, हाल निवासी गौचर) के किराये के कमरे का ताला तोड़कर अज्ञात चोर ने सेंधमारी की थी। चोरी हुए सामान में सोने-चांदी के आभूषण, एक Redmi मोबाइल फोन और BOAT कंपनी की स्मार्ट वॉच शामिल थे। इस मामले में कोतवाली कर्णप्रयाग में मु0अ0सं0 10/2026, धारा 305(A) BNS के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस उपाधीक्षक कर्णप्रयाग त्रिवेन्द्र सिंह राणा के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक राकेश चन्द्र भट्ट और चौकी प्रभारी मानवेन्द्र गुंसाई के नेतृत्व में टीम गठित की गई।
पुलिस ने सर्विलांस की मदद से चोरी हुए मोबाइल की लोकेशन ट्रैक की। इसके आधार पर 01 अप्रैल 2026 को गौचर बैरियर पर चेकिंग के दौरान आरोपी रोहित कुमार उर्फ शुभम (उम्र 24 वर्ष, निवासी कुमजुग, थाना नन्दानगर) को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के पास से चोरी किया गया मोबाइल ज़ेवरात और एक बाइक बरामद हुई है।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह होली से पहले नशे की हालत में क्षेत्र में घूम रहा था। एक मकान के बाहर ताला लटका देखकर उसने घर में घुसकर कीमती सामान चोरी कर लिया। आरोपी ने चोरी के कुछ आभूषण हरिद्वार में करीब ₹60,000 में बेच दिए और उसी पैसे से मोटरसाइकिल खरीद ली थी। शेष आभूषण बेचने के लिए वह देहरादून जा रहा था, लेकिन पुलिस ने उसे पहले ही पकड़ लिया। बरामद सामान
सोने का मांगटीका, नथ, कुंडल, मटरमाला, चैन
चांदी की पायल, बिछुवे, अंगूठी
Redmi मोबाइल फोन
BOAT स्मार्ट वॉच
मोटरसाइकिल (UK-07BL-1750)
पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 331(4)/317(3) BNS की बढ़ोतरी की है।
इस सफल खुलासे पर पुलिस अधीक्षक चमोली ने पुलिस टीम को ₹2,500 का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।
चमोली पुलिस और एसओजी की बड़ी कामयाबी: चोरी का खुलासा, लाखों का माल बरामद
