थराली में अवैध खनन पर प्रशाषन की बड़ी कार्रवाई, दो डंपर सीज, क्रेशर पर लगाया जुर्माना

चमोली : थराली तहसील क्षेत्र में अवैध खनन और बढ़ते प्रदूषण की शिकायत पर प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए बड़ा अभियान छेड़ दिया है। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद उपजिलाधिकारी थराली पंकज भट्ट के नेतृत्व में खनन पट्टों और एक स्टोन क्रेशर पर छापेमारी की गई।
छापेमारी के दौरान कई अनियमितताएं सामने आईं। एक स्टोन क्रेशर बिना पानी के छिड़काव के उपखनिज की पिसाई करते पाया गया, जिससे इलाके में धूल और प्रदूषण का स्तर बढ़ रहा था। इस पर प्रशासन ने तुरंत एक्शन लेते हुए संबंधित संचालकों पर अर्थदंड लगाया और कड़े निर्देश जारी किए।
कार्रवाई यहीं नहीं रुकी—अवैध खनन और ओवरलोडिंग के खिलाफ भी प्रशासन ने सख्ती दिखाई। जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन करते पाए गए दो डंपरों को मौके पर ही सीज कर दिया गया, जिससे खनन कारोबारियों में हड़कंप मच गया। इसके अलावा नगर कोटियाणा में आवंटित खनन पट्टे का भी स्थलीय निरीक्षण किया गया, जहां अनियमितताएं मिलने पर पट्टाधारकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई करते हुए जुर्माना वसूला गया।
उपजिलाधिकारी पंकज भट्ट ने साफ कहा कि अवैध खनन को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं, जिसके चलते यह औचक निरीक्षण किया गया। उन्होंने दो टूक चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *