चमोली। नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे आरोपी को नन्दानगर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को सुतोल टैक्सी स्टैंड, कुरूड़ पुल के पास से दबोचा।
जानकारी के अनुसार, थाना नन्दानगर में 30 जनवरी 2026 को वादी द्वारा दी गई तहरीर में बताया गया कि वर्ष 2025 में उसकी नाबालिग पुत्री को प्रदीप सिंह रावत (24 वर्ष), निवासी घूनी नन्दानगर ने बहला-फुसलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया और किसी को बताने पर धमकी दी। बाद में पीड़िता के गर्भवती होने पर मामला उजागर हुआ।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने थाना नन्दानगर में मु0अ0सं0 01/2026, धारा 64(1)(2) BNS एवं 5J(2)/6 पॉक्सो अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया। मामले की विवेचना महिला उपनिरीक्षक मीता गुसाईं को सौंपी गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पँवार ने तत्काल संज्ञान लेते हुए आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस टीम लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी और आरोपी की तलाश में जुटी थी।
लगातार प्रयासों के बाद 28 मार्च 2026 को पुलिस टीम ने आरोपी को सुतोल टैक्सी स्टैंड, कुरूड़ पुल के पास से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
चमोली पुलिस का संदेश:
महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराध करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। ऐसे अपराधियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
पुलिस टीम
उपनिरीक्षक मनोज भट्ट
महिला उपनिरीक्षक मीता गुसाईं
कांस्टेबल शोभन सिंह
